Pages

Wednesday, January 11, 2017

बड़ा चौराहा : शहर की धड़कन

  
       कानपुुुर के 'बड़ा चौराहा" को शहर की धमनी-धड़कन  कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, कमोबेश हकीकत तो यही है। जिला मुख्यालय जाना हो या फिर डाकघर मुख्यालय अथवा शहर के खास हाट-बाजार जाना हो तो बड़ा चौराहा से एक बार तो तारुफ करना ही होगा। 

       शहर का बड़ा चौराहा एक ऐसा स्थान है, जहां मुख्यालय से लेकर करीब-करीब हर मुख्य एवं आम गतिविधि से वाकिफ हो जायेंगे। अब तो बड़ा चौराहा पर पूर्व दिशा में शहर का सबसे बड़ा मॉल 'जेड स्क्वायर" भी बन चुका है। लिहाजा यह कह सकते हैं कि बड़ा चौराहा एक शॉपिंग सेंटर बन चुका है। हालिया रिलीज फिल्म देखनी हो या फिर मनपसंद गारमेंट्स की खरीददारी करनी हो... बहुत कुछ अब यहां उपलब्ध है। यानि शॉपिंग के मजे। इस स्थान पर कभी विदेशी बैंक एएनजेड ग्रिण्डलेज बैंक की शाखा थी लेकिन अब गगनचुम्बी मॉल खड़ा है। 

         गंगा स्नान करना हो तो बड़ा चौराहा से सरसैया घाट चंद कदम की दूरी पर है तो जिला मुख्यालय जाना हो तो भी निकट है। अधिसंख्य शासकीय विभाग इसी क्षेत्र में हैं। मुख्य डाकघर या डाकघर मुख्यालय भी इसी बड़ा चौराहा के एक कोने पर स्थित है। दाहिनी कोना पर शहर के शासकीय अस्पतालों में डफरिन हास्पिटल एवं उर्सला हार्समैन हास्पिटल संचालित हैं। यूं कहें कि उपचार हेतु शहर का प्रमुख स्थल। शहर की कोतवाली भी इसी बड़ा चौराहा के सन्निकट स्थित है। 

           इसी चौराहा के निकट श्री प्रयाग नारायण शिवाला भी है। प्रयाग नारायण शिवाला में महिलाओं के सौन्दर्य प्रसाधन का एक बड़ा बाजार है। सुबह से देर रात तक बड़ा चौराहा पर रौनक दिखती है। खास तौर पर शहर के किसी आंदोलन का तेवर इसी चौराहा पर दिखती है। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने वाले आंदोलनकारियों को इसी स्थान पर रोकने की कोशिश-कवायद होती है। कई बार आंदोलनकारी अपनी मांगों को मनवाने के लिए बड़ा चौराहा को जाम भी करते हैं। जिससे चौतरफा यातायात बाधित या बंद हो जाता है। किसी भी दृष्टि से देखें तो यह स्थान बड़ा चौराहा शहर का ह्मदय स्थल है।  

No comments:

Post a Comment