Pages

Monday, January 9, 2017

जापानी गार्डेन : मनोरंजन के साथ हंसी-ठहाके

  
       'जापानी गार्डेन" कानपुर शहर का एक खूबसूरत पार्क। जापानी गार्डेन सिर्फ जापान या दुनिया के अन्य देश-शहरों में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख आैद्योगिक शहर कानपुर की भी शान एवं मनोरंजन स्थल है। 'जापानी गार्डेन" बेनाझाबर-मेडिकल कालेज मुख्य मार्ग पर स्थित मोतीझील का हिस्सा है।

        'जापानी गार्डेन" खास तौर से बच्चों के खेल-कूद एवं मनोरंजन के लिए संसाधन-सुविधाओं से युक्त एक पार्क है। बच्चों के साथ ही बड़ों के लिए भी मनोरंजन के संसाधन जापानी गार्डेन-पार्क में मौजूद हैं। करीब चार दशक पहले 'जापानी गार्डेन" अस्तित्व में आया। कानपुर विकास प्राधिकरण के इंजीनियर्स की यह संरचना शहर के बाशिंदों को खास 'तोहफा" है। देखरेख एवं रखरखाव-संचालन सभी कुछ कानपुर विकास प्राधिकरण के सानिध्य में चलता है। शहर के बाशिंदे यहां नौकायन का आनन्द लेते हैं तो बच्चों की फौज बड़े-बड़े हरे-भरे घास के लॉन-मैदान में सरपट दौड़ लगाती है।

           पर्यटन के लिए यह शहर का एक खास स्थान है। काफी कुछ जापान की संस्कृति से मोल-जोल वाली बनावट पार्क की है। बच्चों के फिसलने-मनोरंजन के लिए जूता के आकार सरपट-फिसलन खेल वाला खिलौना है। इसका शीर्ष झोपड़ी के आकार का बना है। बड़े-बड़े खूबसूरत जलाशय नौकायन का भरपूर मौका देते हैं। जलाशय में कहीं मछलियां गोता लगाते दिखेंगी तो बतख श्रंखला में तैरती नजर आयेंगी। इन दशा-दिशाओं के बीच घूमना-फिरना या नौकायन करना मन को बेहद प्रफुल्लित करता है। खूबसूरत पाथवे-खूबसूरत पुल-फ्लाईओवर बेहद अच्छे लगते हैं। चौतरफा हरा-भरा लॉन मन को एक ताजगी से भर देते हैं। 

        'जापानी गार्डेन" में एक शानदार म्युजियम भी है। म्युजियम में दर्शक ठहाके लगाते-लगाते हंस-हंस के लोट-पोट हो जाते हैं। म्युजियम हास्य का खजाना है। म्युजियम में खास किस्म के शीशों की श्रंखला प्रदर्शित है। इन शीशों-आइना में आप अपना अक्स देखेंगे तो खुद ही हंसने लगेंगे। शीशों की बनावट ही ऐसी है, जो आपकी शारीरिक संरचना को बेड़ौल दिखाती है। कहीं आप कुतुब मीनार की भांति लम्बे नजर आयेंगे तो कहीं आप नाटों की दुनिया में विचरण करते दिखेंगे।

           कहीं आप मोटे-थुलथुल होंगे तो कहीं आपका चेहरा ही हास्यास्पद दिखेगा। हंसी-ठिठोली का यह म्युजियम यहां खास है। कई एकड़ में विकसित जापानी गार्डेन सर्दी या गर्मी सदैव पर्यटकों, शहर के बाशिंदों से गुलजार रहता है। बच्चों-परिवार सहित जापानी गार्डेन घूमें या फिर यार-दोस्त संग चहलकदमी करें। जापानी गार्डेन के बाहर स्वादिष्ट व्यंजन के चटखारें लें। तो वहीं सांझ होते ही जापानी गार्डेन रातरानी की महक से गमकने लगता है। रातरानी की भीनी-भीनी खूशबू मन-मस्तिष्क को तरोताजा कर देती है।    

No comments:

Post a Comment